रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भारतीय सेना के वीर जवानों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता को समर्पित सैनिक सम्मान एवं रक्षा सूत्र अभियान का आयोजन गुरुवार को दुर्ग के पटेल चौक में किया गया। भाजपा जिला महिला मोर्चा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों का सम्मान करते हुए उन्हें रक्षा सूत्र बांधे गए और सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए हजारों राखियां भेजने का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर अलका बाघमार शामिल हुईं। उन्होंने महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष तृप्ति चन्द्राकर, अभियान के प्रमुख सहयोगी एवं भूतपूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप राणा तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित पूर्व सैनिकों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि भारतीय सेना के जवान देश की सीमाओं पर दिन-रात तैनात रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान, विश्वास और आत्मीयता व्यक्त करने का भी अवसर है। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा की ओर से सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए हजारों राखियां भेजी गई हैं, जो देश की बहनों के स्नेह और विश्वास का प्रतीक हैं।

जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष तृप्ति चन्द्राकर ने कहा कि भारतीय सैनिकों का त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि देश की सभी बहनें अपने वीर जवानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे राष्ट्रभक्ति से प्रेरित कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय सेना अमर रहे” के नारों के साथ देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। आयोजन का उद्देश्य समाज में राष्ट्रप्रेम, सैनिक सम्मान और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना तथा देश की रक्षा में जुटे सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना रहा।
