छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। राज्य की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

दोनों खिलाड़ी वर्तमान में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में प्रशिक्षण ले रही हैं। राष्ट्रीय टीम में चयन को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।

खेलो इंडिया सेंटर से मिली नई उड़ान
मधु सिदार और गीता यादव प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। खेलो इंडिया सेंटर से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचना प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।

जशपुर की मधु सिदार का संघर्ष रंग लाया
जशपुर जिले के कांसाबेल के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप जैसे कई राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वर्ष 2026 में आयोजित खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

गीता यादव पहले भी पहन चुकी हैं टीम इंडिया की जर्सी
कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे, वर्ष 2025 में अर्जेंटीना दौरे तथा वर्ष 2026 में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब वह जूनियर एशिया कप में भी देश की उम्मीदों पर खरी उतरने के लिए तैयार हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये दोनों खिलाड़ी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
