दुर्ग के धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच पति एवं बोरी मंडल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर के कांग्रेसजन पहले दुर्ग जिला चिकित्सालय की मर्च्युरी पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को लेकर जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंचे। यहां आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की कथित लापरवाही की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को शव वाहन से बाहर निकालकर धरने पर बैठना चाहते थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शव को वाहन से बाहर नहीं निकालने का अनुरोध किया। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता मुख्य मार्ग पर शव वाहन के सामने ही धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की ओर से पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं।

24 घंटे में गिरफ्तारी, पुलिस पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस की कथित लापरवाही और रात्रिकालीन गश्त की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
कांग्रेस ने जेवरा सिरसा पुलिस चौकी प्रभारी सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्रवाई करने की भी मांग रखी। साथ ही जिले के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर नियमित, प्रभावी एवं सघन रात्रिकालीन पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की गई।

गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के इस्तीफे की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृहमंत्री को पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े लूट का विरोध करने पर एक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कांग्रेस नेता की हत्या होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि प्रकाश कश्यप की हत्या से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी
राकेश ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और अन्य मांगों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) व्यापक जनआंदोलन करेगी। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन पर होने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने से जेवरा सिरसा क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में पुलिस प्रशासन की ओर से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। इसके बाद प्रकाश सिंह कश्यप के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह ग्राम तुमाकला ले जाया गया।
प्रदर्शन में प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुकेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
