दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी, दुर्ग द्वारा चौहान इंपिरियल में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशभर में चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
दीप महोत्सव से होगा अभियान का शुभारंभ
जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को ” गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव” से होगी। देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक प्रवचन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। वाराणसी सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

कलश वंदन और संत संपर्क अभियान
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक ” गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा। वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर से पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों और जिलों तक पहुंचाए जाएंगे। वहीं 29 जुलाई से 31 अगस्त तक “संत संपर्क अभियान” के तहत भाजपा पदाधिकारी विभिन्न संत-महात्माओं से भेंट कर उनका सम्मान करेंगे।

अक्टूबर में निकलेगी समरसता यात्रा
भाजपा नेता ने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक ” गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। यह यात्रा पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ होकर वाराणसी स्थित जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छात्रावासों में होंगे समरसता संवाद
उन्होंने जानकारी दी कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में ” गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें युवाओं और विद्यार्थियों को गुरु रविदास के जीवन, सामाजिक न्याय, समानता और समरसता के संदेश से परिचित कराया जाएगा।
सामाजिक समरसता का जनआंदोलन
जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

ये रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में विधायक ललित चंद्राकर, विधायक ईश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू, भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू, विनोद अरोरा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, भाजपा जिला मंत्री शैलेंद्र शैंडे, जिला मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक अबीर गोयल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।