आमतौर पर बड़े अधिकारियों को औपचारिक बैठकों और सरकारी कार्यक्रमों में मंच पर देखा जाता है, लेकिन दुर्ग जिले के पूर्व माध्यमिक शाला कोडिया में नजारा कुछ अलग था। यहां शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। किसी ने बच्चों को खाना परोसा तो किसी ने उनके साथ बैठकर भोजन का आनंद लिया। मौका था सहायक जिला परियोजना अधिकारी हेमलता बंजारे के जन्मदिन पर आयोजित न्योता भोज का। इसी दिन जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा का सेवानिवृत्ति दिवस भी था। ऐसे में बच्चों के बीच आयोजित यह कार्यक्रम जन्मदिन और विदाई की दोहरी खुशियों का यादगार अवसर बन गया।

जन्मदिन की खुशी बच्चों के साथ की साझा
सहायक जिला परियोजना अधिकारी हेमलता बंजारे ने अपने जन्मदिन को खास अंदाज में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन कराया। कार्यक्रम में बच्चों को खीर-पूड़ी, आलू-चना की सब्जी, कढ़ी, दाल और चावल सहित स्वादिष्ट भोजन कराया गया। इसके अलावा प्रत्येक बच्चे को केला, चॉकलेट और पेन भी वितरित किया गया।
बच्चों के लिए यह आयोजन किसी उत्सव से कम नहीं था। स्कूल परिसर में बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। जन्मदिन की खुशी को बच्चों के साथ साझा करने की इस पहल ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।
जब अधिकारी भी बच्चों के साथ जमीन पर बैठ गए
कार्यक्रम का सबसे भावुक और आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। जिला मिशन समन्वयक विनोद सिन्हा, सहायक संचालक दुर्ग समृद्धि जोशी और उप सहायक कार्यक्रम समन्वयक दुर्ग रश्मि नाथ ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
अधिकारियों की यह सहजता और सादगी स्कूल में चर्चा का विषय बन गई। बच्चों के बीच बिना किसी औपचारिकता के बैठकर भोजन करने से शिक्षा विभाग और विद्यार्थियों के बीच अपनत्व का भाव भी नजर आया। स्कूल परिवार ने अधिकारियों की इस सरलता को बच्चों के लिए प्रेरणादायक बताया।


रिटायरमेंट के दिन बच्चों के बीच रहे डीईओ
कार्यक्रम का एक और भावुक पहलू जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा का सेवानिवृत्ति दिवस रहा। अपने सेवाकाल के अंतिम दिन उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ भोजन किया और खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर हेमलता बंजारे और अरविंद मिश्रा ने बच्चों के साथ केक काटा। जन्मदिन और सेवानिवृत्ति के इस संयोग ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। स्कूल परिवार की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी को सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।
अतिथियों को भेंट किए पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्कूल परिवार की ओर से पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इसके साथ ही अतिथियों को सुंदर गमले में पौधे भेंट किए गए। इस पहल ने कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से भी जोड़ दिया।
स्कूल परिवार के अनुसार, पौधा भेंट करने का उद्देश्य केवल अतिथियों का सम्मान करना नहीं, बल्कि बच्चों और समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।


स्कूल परिवार ने कहा- यादगार रहेगा यह दिन
कार्यक्रम में शाला की प्रधान पाठिका श्रीमती सुधा राय, संकुल प्राचार्य नीलमणि उज्जवने, सीएसी जागेश्वरी वर्मा, शिक्षिका रश्मि मेहता, तारिणी रंगारी एवं सुरेश देवांगन सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।
पूर्व माध्यमिक शाला कोडिया में आयोजित यह कार्यक्रम कई मायनों में खास रहा। एक ओर जहां जन्मदिन की खुशी बच्चों के साथ साझा की गई, वहीं दूसरी ओर सेवानिवृत्ति के दिन जिला शिक्षा अधिकारी ने भी बच्चों के बीच रहकर अपने कार्यकाल का अंतिम दिन बिताया। अधिकारियों का बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करना, उनके साथ केक काटना और आत्मीयता से समय बिताना शिक्षा व्यवस्था में मानवीय संवेदनशीलता और सादगी की एक सुंदर तस्वीर पेश कर गया।