तालाब में फेंके गए हत्या के साक्ष्य एसडीआरएफ ने 10 फीट गहराई से निकाले, पुलिस को सौंपे
दुर्ग। थाना नंदनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर स्थित पुराने गौठान के पास तालाब में फेंके गए हत्या से जुड़े साक्ष्यों को एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर बाहर निकाला। कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक की हत्या कर घटना से जुड़े साक्ष्य तालाब में फेंक दिए गए हैं।

सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर जवानों ने लगभग 10 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग कर साक्ष्य की तलाश शुरू की। अभियान के दौरान टीम ने पानी से एक सब्बल, टी-शर्ट और जींस बरामद कर पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया।

बताया गया कि मृतक की पहचान केतन ठाकुर (19 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम ठाकुर, निवासी पथरिया के रूप में हुई है। मामले की जांच पुलिस द्वारा आगे बढ़ाई जा रही है।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव सहित जवान चंद्रप्रताप, थानेश्वर, विनय, ओंकार, शारदा एवं भानुप्रताप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डीप डाइविंग ऑपरेशन से मिले अहम साक्ष्य
एसडीआरएफ टीम ने सीमित दृश्यता और गहरे पानी के बीच अभियान चलाकर हत्या से जुड़े संभावित साक्ष्य बरामद किए, जिससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
