पारिवारिक विवाद में हुई थी मारपीट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों से खुला राज
दुर्ग। थाना बोरी क्षेत्र में पिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को ही हत्या का आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिसने पुलिस में घटना की सूचना दी, जांच में वही आरोपी निकला।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 06 निवासी नीलकमल साहू थाना पहुंचा और सूचना दी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही बोरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होना और मृत्यु की प्रकृति हत्या होना बताया।


इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पारिवारिक परिस्थितियों और घटनाक्रम की पड़ताल की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से यह सामने आया कि मृतक कुलेश्वर साहू और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान आरोपी पुत्र ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी नीलकमल साहू को ही आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
