न्योता भोज, गणवेश वितरण और सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को बनाया यादगार
धमधा (दुर्ग)। संकुल केन्द्र सेमरिया में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य ऊषा सोनवानी एवं विशेष अतिथि जनपद पंचायत सदस्य राजेश कुमार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच पुष्पलता बंजारे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ओनी महिलांग, उपसरपंच डॉ. सतबोधी दानी बंजारे एवं उपसरपंच विजय बघेल मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। मंच संचालन प्रधान पाठक खिलेंद्र कुमार बघेल ने किया तथा अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत किया गया।

संकुल शैक्षिक समन्वयक सूर्यकान्त हरदेल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों को पुष्पमाला पहनाकर, तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क गणवेश एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भव्य न्योता भोज रहा, जिसमें जिला पंचायत सदस्य ऊषा सोनवानी द्वारा विद्यार्थियों को फल, बिस्किट एवं मिठाई वितरित की गई। वहीं ग्राम पंचायत सेमरिया की ओर से बच्चों के लिए खीर-पूड़ी सहित विशेष भोजन की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर प्रधान पाठक सावित्री महिलांग, संतोष कुमार मनहर एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। साथ ही सभी अतिथियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संकुल प्राचार्य किरण सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, पालकों, एसएमसी-एसएमडीसी सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों की सहभागिता से शाला प्रवेशोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
“हर बच्चे तक शिक्षा, हर घर तक उत्सव”
संकुल सेमरिया के शाला प्रवेशोत्सव ने शिक्षा के प्रति सामाजिक भागीदारी और नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत की नई मिसाल प्रस्तुत की।