अरसी/धमधा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरसी में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव उत्साह, उल्लास और गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साजा विधायक ईश्वर साहू एवं छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू की उपस्थिति में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग अरविंद मिश्रा, बीईओ धमधा अथर्व शर्मा, बीआरसी धमधा केशव पटेल सहित जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक, माला एवं मिठाई के साथ स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें एवं गणवेश वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय परिसर में नवनिर्मित ‘मुस्कान पुस्तकालय’ का भव्य उद्घाटन रहा, जिसे विद्यार्थियों के अध्ययन और ज्ञानवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।


इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय एवं NMMS छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित संकुल अरसी, चीचा और डोड़की के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल चीचा के प्राचार्य जी.पी. देशलहरा, संकुल समन्वयक एन.एल. साहू, अरसी की प्रधान पाठक श्रीमती छाया दुबे, तोरण लाल वर्मा, डोड़की के प्रधान पाठक यशवंत पटेल, सुखरीकला के गौतरिहा निषाद, चीचा के विष्णु सलाम, शिक्षक लोमश दास साहू, नीलेश वर्मा, मनीष कुमार साहू, गिरीश यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
