पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का ‘चरणबद्ध वार्ड दौरा’, नयापारा, राजीव नगर और मठपारा में दिखा जनता का आक्रोश; भाजपा सरकार पर लगाया आर्थिक शोषण का आरोप।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में बढ़ती बिजली दरों, बेतहाशा बढ़े बिलों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में दुर्ग के विभिन्न वार्डों में ‘चरणबद्ध वार्ड दौरा’ आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने वार्ड-वार्ड जाकर आम जनता से मुलाकात की और स्मार्ट मीटर वापसी के आवेदन भरवाए।
इस जन-संपर्क व निरीक्षण दौरे का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार ने संयुक्त रूप से किया।

भारी-भरकम बिलों से जनता परेशान, स्वेच्छा से भरे वापसी आवेदन

दौरे के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड क्रमांक 01 (नयापारा), वार्ड क्रमांक 02 (राजीव नगर) और वार्ड क्रमांक 03 (मठपारा – दक्षिण) का सघन भ्रमण किया। इस दौरान नागरिकों ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि अत्यधिक बिजली बिल आने के कारण उनका गृहस्थी चलाना दूभर हो गया है। मजबूरी में लोगों को अपने दैनिक आवश्यक खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है और बिलों का भुगतान करने के लिए कर्ज तक लेना पड़ रहा है। आक्रोशित जनता ने स्वेच्छा से स्मार्ट मीटर हटाने व वापस करने के आवेदन भरे।

भाजपा सरकार लाद रही आर्थिक बोझ: धीरज बाकलीवाल
वार्ड दौरे के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा: “भाजपा की छत्तीसगढ़ सरकार जनता को राहत देने के बजाय महंगी बिजली, बेतहाशा बढ़े हुए बिलों और स्मार्ट मीटर जैसी जनविरोधी नीतियों के माध्यम से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ लाद रही है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से मनमानी बिलिंग, पारदर्शिता का अभाव और उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। आम जनता इस नीति से बुरी तरह परेशान है।”
मांगे पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार से मांग की है कि:
- बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए।
- स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
- आम उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जनहित में ये कदम नहीं उठाए, तो पार्टी इस चरणबद्ध आंदोलन को और अधिक उग्र एवं तेज करेगी।
दौरे में बड़ी संख्या में शामिल हुए नेता व कार्यकर्ता
इस जन-जागरण दौरे में पश्चिम ब्लॉक प्रभारी पोषण साहू, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, प्रभारी महामंत्री रायसिंह दिकोला, उप नेता प्रतिपक्ष विजयंत पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू, नासिर खोखर, कार्यालय प्रभारी सुनीत घोष, पूर्व एल्डरमैन देव सिन्हा, पूर्व पार्षद विजेंद्र भारद्वाज, मंडल प्रभारी धनंजय साहू, अविनाश यादव, श्रीमती भूमिका देशमुख, श्रीमती पिंकी साहू, श्रीमती ज्योति साहू, श्रीमती धनवंती निषाद, श्रीमती चित्ररेखा यादव, चिराग शर्मा, मनीष सोनवानी, हरीश सिन्हा, मोहित वालदे, प्रकाश जोशी, यशवंत दिल्लीवार, संतोष सोनी, हिमांशु शर्मा, टी.आर. वर्मा, सुरेश जंघेल, भीमा चौहान सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, वार्ड अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
