100 से अधिक दंपतियों ने सात पार्थिव शिवलिंगों का किया रुद्राभिषेक, शिवनाथ नदी में विधि-विधान से हुआ विसर्जन

दुर्ग | न्यूज़ डेस्क

धार्मिक नगरी दुर्ग के गंजपारा स्थित माहेश्वरी ट्रेडर्स परिसर में सोमवार को भव्य पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। ममता–महेश टावरी परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में शहर के सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग शामिल हुए। करीब 100 से अधिक विवाहित दंपतियों ने सात आकर्षक पार्थिव शिवलिंगों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।

आमगांव से आए ‘भोले के दीवाने’ ग्रुप के प्रमुख मनीष शर्मा एवं उनकी टीम ने विशेष शैली में पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रुद्राभिषेक के दौरान मधुर शिव भजनों, ‘ॐ नमः शिवाय’ एवं महामृत्युंजय मंत्र के जाप से पूरा परिसर शिवमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते और नृत्य करते नजर आए।

पूजन के दौरान पंडितों के सानिध्य में दूध, दही, घी, शहद, शक्कर (पंचामृत), गंगाजल, नर्मदा जल, गुलाब जल, गन्ने, अनार, भांग सहित विभिन्न पवित्र द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। ‘भोले के दीवाने’ ग्रुप ने अभिषेक में प्रयुक्त प्रत्येक सामग्री के धार्मिक महत्व की भी जानकारी श्रद्धालुओं को दी।
रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान भोलेनाथ का भांग, भस्म, चंदन, बेलपत्र, पुष्प, फल एवं वस्त्रों से भव्य श्रृंगार किया गया। महाआरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। संध्या से पूर्व पार्थिव शिवलिंगों का श्रद्धापूर्वक शिवनाथ नदी में विसर्जन किया गया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक भोजन प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम में ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, राजेंद्र साहू, प्रतिमा चंद्राकर, आई.पी. मिश्रा, आर.एन. वर्मा, धीरज बाकलीवाल, राजेश यादव, चतुर्भुज राठी, अशोक राठी, कृष्ण कुमार टावरी, कैलाश रूंगटा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
