अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और चढ़ावे के प्रबंधन के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण), दुर्ग शहर और भिलाई नगर ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच तथा ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन के फॉरेंसिक ऑडिट की मांग उठाई।

राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रेसवार्ता प्रभारी एवं पूर्व खनिज निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने विश्वास के साथ दान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट से जुड़े मामलों में सामने आ रही जानकारियां गंभीर सवाल खड़े करती हैं। कांग्रेस का कहना है कि यदि ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार की निगरानी में हुआ है तो मामले में जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का विरोध किसी धर्म या आस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि दानराशि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।


दुर्ग शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा को इस पूरे मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल निचले स्तर पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं की जा रही है।
भिलाई नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने मांग की कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त दान, चढ़ावे, भूमि खरीद, निर्माण कार्यों और अन्य खर्चों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उनका कहना था कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक ले जाएगी और निष्पक्ष जांच तथा जवाबदेही तय होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।प्रेसवार्ता में आर.एन. वर्मा, संजय कोहले, रायसिंह ढिकोला, नासिर खोखर, अजय शर्मा, सुनीत घोष, हिमांशु शर्मा, प्रवीण डे, भूपेंद्र यादव, रविंदर सिंह, अभिषेक जांगड़े, जयप्रकाश साहू, मोहम्मद रफीक, लालचंद वर्मा, नरसिंह नारवा, शोएब मोहम्मद खान, सुशील भारद्वाज, सौरभ ताम्रकर, अली असगर, दुष्यंत देवांगन, बृजमोहन तिवारी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

