छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) एवं जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने संयुक्त रूप से दुर्ग के पटेल चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग तथा राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी की स्थिति बन गई। बाद में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की राजनीति से डरने वाली नहीं है और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और राज्य सरकार विपक्ष के खिलाफ जांच एजेंसियों का राजनीतिक उपयोग बंद नहीं करती, तो कांग्रेस प्रदेशभर में अपना आंदोलन और तेज करेगी।
प्रदर्शन में विक्रांत अग्रवाल, हरीश ठाकुर, पुकेश चंद्राकर, राम सूर्यवंशी, संगीत डोरी, राजेश मानिकपुरी, संतोष बाफना, कमलेश साहू, श्रीकांत वर्मा, प्रकाश ठाकुर, सरोजनी चंद्राकर, सुनीता चन्नेवर, महेंद्र निषाद, अभिषेक जांगड़े, मोहित वालदे, गोपाल यादव, रामप्यारी वर्मा, जयप्रकाश साहू, अभिनव बघेल, सचिन पाटने, आनंद ताम्रकार, नासिर खोखर, गुरदीप भाटिया, एजाज खान, आयुष शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

