आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चंडी मंदिर मंडल के वार्ड-34 (शिवपारा) और वार्ड-35 (रामदेव मंदिर) में बूथ सृजन एवं संगठन विस्तार बैठक आयोजित की। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले चुनावों की लड़ाई बूथ स्तर पर जीती जाएगी और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, मध्य ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद, ब्लॉक प्रभारी संजय बत्रा, मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, मंडल प्रभारी जगमोहन ढीमर तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर मौजूद रहे। बैठक में धीरज बाकलीवाल ने वार्ड अध्यक्षों और बूथ अध्यक्षों की समीक्षा करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और उन्हें पार्टी से जोड़ें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बढ़े हुए बिजली बिल और अन्य जनसमस्याओं से आम लोग परेशान हैं, जबकि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी की सोच और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को हर घर तक पहुंचाना होगा। इसके लिए बूथ स्तर के पदाधिकारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।


बूथ संगठन को बनाया जाएगा चुनावी हथियार
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ समितियों को सक्रिय करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और प्रत्येक वार्ड में नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को बूथ स्तर से उठाकर आंदोलन का रूप देना है। प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ महंगाई, बिजली बिल और जनसुविधाओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार आक्रामक रुख अपना रही है। ऐसे में बूथ सृजन बैठकों के जरिए कांग्रेस संगठन को चुनावी मोड में लाने और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति पर काम करती दिखाई दे रही है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डोमार सिंह राजपूत, शत्रुघ्न चक्रधारी, बिंदु राजपूत, संगीता सोनवानी, पीलाराम पटेल, सन्नी साहू, देवेंद्र कुमार वर्मा, संतोष तांडी, अली असगर, योगेश साहू, बलराम साहू, राजू पटेल, गुलशन यादव, विजय कंडरा, लक्ष्मी मानिकपुरी, योगेश सिन्हा, लीला साहू, किरण ठाकुर, अमित साहू, सावित्री साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

