छत्तीसगढ़ की राजनीति में विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में भिलाई-3 स्थित उनके निवास पर शिवसेना के प्रदेश सचिव हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर प्रदेश की राजनीति में नए सियासी संकेत दे दिए।

कांग्रेस का दावा है कि युवाओं का यह जुड़ाव केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। खास बात यह रही कि कांग्रेस प्रवेश कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने नवप्रवेशी नेताओं का स्वागत किया और इसे संगठन के लिए नई ऊर्जा बताया।
पाटन से दिया राजनीतिक संदेश
राजनीतिक जानकारों की नजर में यह सिर्फ सदस्यता ग्रहण तक सीमित नहीं माना जा रहा। भूपेश बघेल के प्रभाव वाले पाटन विधानसभा क्षेत्र से जुड़े राजनीतिक माहौल में इस तरह का शक्ति प्रदर्शन यह संकेत भी माना जा रहा है कि कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर संगठन को फिर से सक्रिय करने में जुट गई है। प्रदेश में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच कांग्रेस विपक्ष की भूमिका को और आक्रामक बनाने की तैयारी में दिखाई दे रही है।

भूपेश बोले— युवाओं का भरोसा कांग्रेस की ताकत
इस अवसर पर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश को जोड़ने, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की लड़ाई लड़ने की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की युवा शक्ति जनहित और संवैधानिक मूल्यों के साथ खड़ी है।उन्होंने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
राकेश ठाकुर बोले— संगठन को मिलेगी नई ताकत
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि शिवसेना के प्रदेश सचिव हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में युवाओं का कांग्रेस में शामिल होना जिले और प्रदेश में संगठन के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि सभी नए साथी संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी होती रही।

इन नेताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता
कांग्रेस में शामिल होने वालों में हिमांशु शर्मा, आशुतोष तिवारी, अरुण कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, राजू मेश्राम, बबलू परिधि, राहुल पटेल, आलोक शर्मा, ऋषि केंवट, संजय कर्ष, लक्की साहू, वेद गुप्ता, शिवम तिवारी, विक्रम तिवारी, जय निर्मलकर, प्रसन्न उप्पल, विक्की बजाज सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद कांग्रेस लगातार संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, भूपेश बघेल अभी भी कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं। ऐसे में उनके निवास पर दूसरे दल के नेताओं और युवाओं का कांग्रेस में शामिल होना आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति, विशेषकर दुर्ग-पाटन बेल्ट में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ने और नए राजनीतिक समीकरण बनने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

