कोरबा। चिकित्सक दिवस के अवसर पर 1 जुलाई 2026 को अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा संगठन “दिया” द्वारा समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पित चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को परम पूज्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का साहित्य, गायत्री मंत्र पट्टी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. रजनी पांडेय (कार्डियो एवं डायबिटीज डे-केयर क्लिनिक, कोरबा), डॉ. प्रीतेश (एमबीबीएस, इंदिरा गांधी चिकित्सालय), डॉ. विशाल राजपूत, डॉ. नारायण, डॉ. एस.के. सिन्हा, डॉ. शीला पटेल, डॉ. वी.आर. लोगन तथा डॉ. सुंदर कंवर शामिल रहे।

कार्यक्रम में दिया छत्तीसगढ़ की विस्तारक सुश्री सविता साहू, अध्यक्ष आरती आदित्य, डिवाइन ग्रुप कोरबा की सचिव नेहा सिंह, साक्षी मेहता तथा जिला कोषाध्यक्ष जितेंद्र केवट सहित संगठन के पदाधिकारियों ने चिकित्सकों के सेवा-भाव, समर्पण और मानवता के प्रति उनके अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर सुश्री सविता साहू ने कहा कि “सेवा, संवेदना और समर्पण ही एक महान चिकित्सक की सच्ची पहचान है। चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, करुणा और सेवा-भाव से समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने सभी चिकित्सकों के प्रति समाज की ओर से आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
