दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ द्वारा महिला मोर्चा की जिला प्रभारी एवं सहप्रभारी की नई सूची जारी कर दी गई है। इसी क्रम में दुर्ग की सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता श्रीमती माया बेलचंदन को राजनांदगांव जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से जारी इस सूची में महिला मोर्चा संगठन को जिला स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों के लिए नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। माया बेलचंदन को संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।


नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राजनांदगांव जिले में महिला मोर्चा की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और संगठन विस्तार को मजबूती मिलेगी।

