दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में हुए अज्ञात युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ग्राम डूमर की पानी टंकी के पास मिले शव की पहचान शरीर पर बने गोदना (टैटू) के आधार पर हुई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्बल और आरोपी के कपड़े तालाब से बरामद कर लिए।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और प्रारंभ में उसकी पहचान नहीं हो सकी। मौके पर मिले गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन ठाकुर (18), निवासी पथरिया के रूप में हुई।
शराब पार्टी बनी हत्या की वजह
विवेचना में सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे रात में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रात करीब एक बजे सोमनाथ ने गुस्से में सब्बल से चेतन के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने सब्बल और अपने खून से सने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

एसडीआरएफ की मदद से बरामद हुए सबूत
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोप स्वीकार करने के बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और कपड़े बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के मामले में न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
इस ब्लाइंड मर्डर केस को कुछ ही घंटों में सुलझाने में नंदिनी नगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित जांच के कारण जल्द सफलता मिली।

