प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय का सुदूर वनांचल ग्राम कमराखोल का दौरा बिजली बिल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसंवाद चौपाल में मुख्यमंत्री ने बिजली बिल और पुराने बकाया को लेकर चिंतित ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत बड़े ऐलान किए हैं।
चौपाल के दौरान जब एक ग्रामीण ने बढ़ते बिजली बिल और पुराने बकाये को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की, तो मुख्यमंत्री ने तत्काल उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि परेशान होने की जरूरत नहीं है, आपकी सरकार आपके साथ है। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, घरेलू उपभोक्ताओं और कृषि पंप धारकों को भारी राहत प्रदान करना है। इसके तहत पुराने बकाया बिलों में व्यापक छूट दी जा रही है, जिसका विशेष लाभ बीपीएल (BPL) परिवारों को मिल रहा है।
11.75 करोड़ से अधिक की छूट
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता ज़मीन पर भी दिखाई दी, उन्होंने तत्काल कलेक्टर को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएं ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और समस्याओं का समाधान उनके घर के पास ही हो सके। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जानकारी दी कि इस योजना के माध्यम से जिले में अब तक 13 हजार से अधिक उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं और उन्हें 11.75 करोड़ रुपये से अधिक की छूट का लाभ मिल चुका है।