दुर्ग, 04 मई 2026। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दुष्कर्म प्रकरण के आरोपी के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध कब्जे वाले मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरैना निवासी आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म एवं मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में पुलिस ने आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।

विवेचना के दौरान यह सामने आया कि आरोपी एवं उसके परिजन शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर निवास कर रहे थे। इस संबंध में नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई।

इसके बाद 04 मई को नगर निगम और पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए मकान में रखी सामग्री को जप्त किया गया। पंचनामा तैयार करने के बाद बुलडोजर की मदद से अवैध अतिक्रमण को हटा दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई न केवल अवैध कब्जे को हटाने के लिए की गई, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त संदेश देने के उद्देश्य से भी की गई है।
इस संयुक्त अभियान में थाना पुरानी भिलाई पुलिस स्टाफ और नगर निगम की टीम ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूरी प्रक्रिया को विधिसम्मत तरीके से पूरा किया।