विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का जश्न दुर्ग में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में एकत्रित होकर पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशियां बांटी।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक विजय रैली निकाली, जो पटेल चौक पहुंची। इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, उषा टावरी, पदमा देवांगन, जिला महामंत्री दिलीप साहू, सभापति श्याम शर्मा, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक दिनेश देवांगन और जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
सुशासन पर दिया जनादेश – कौशिक
इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, वहां की जागरूक जनता ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि राज्य में परिवर्तन चाहने वाले हर नागरिक की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नई सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी, भ्रष्टाचार पर सख्ती दिखाएगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाकर राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त जोश
कौशिक ने कहा कि यह जनादेश सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है। दुर्ग जिले के कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए उन्होंने सभी को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। इस आयोजन में शिवेंद्र परिहार, मनोज सोनी, सरिता मिश्रा, अशोक राठी, नितेश साहू, राजा महोबिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।