दुर्ग। शहर के चर्चित बिल्डर चतुर्भुज राठी के अमर बिल्डर कार्यालय एवं निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। यह कार्रवाई सुबह करीब 6:00 बजे से शुरू हुई, जो खबर लिखे जाने तक लगातार जारी है।

सूत्रों के अनुसार, ED के अधिकारी चार वाहनों में टीम बनाकर पहुंचे और एक साथ ऑफिस तथा घर दोनों स्थानों पर जांच प्रारंभ की। टीम ने मौके पर पहुंचते ही दस्तावेजों की जांच, कंप्यूटर डाटा खंगालना और लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं, संदिग्ध निवेश और लेन-देन से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। हालांकि, आधिकारिक रूप से ED की ओर से अभी तक कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कार्यालय और घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए। टीम के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं और संबंधित दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया जा रहा है।

इस कार्रवाई से शहर के रियल एस्टेट क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोग इस बात को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल, ED की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।