प्रेम संबंध में विवाद बना मौत की वजह: युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर उपजे विवाद ने एक युवती की जान ले ली। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 अप्रैल 2026 को एक युवती की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), निवासी देंगरापार जिला बालोद, अपनी परिचित युनेश्वरी वर्मा (26 वर्ष), निवासी खैरागढ़ को पुलगांव स्थित किराये के कमरे से सुभाष नगर, पद्मनाभपुर स्थित अपने कमरे में लेकर आया था।

दोनों के बीच प्रेम संबंध को लेकर संदेह और आपसी विवाद बढ़ गया, जिसके चलते आरोपी ने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
