छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़ी एक अनोखी और भावनात्मक पहल सामने आई है, जहां मातृ शक्तियों को फिर से अपने बचपन के सुनहरे पल जीने का अवसर दिया जा रहा है। “बचपन का टिकट – चलव दीदी खेल-खेले पर जाबो” कार्यक्रम 29 मार्च, रविवार को शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।

इस खास आयोजन को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने इसे महिलाओं के सम्मान और उनके आनंद के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं परिवार और जिम्मेदारियों के बीच खुद को पीछे छोड़ देती हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम उन्हें फिर से हंसने, खेलने और खुलकर जीने का अवसर देगा।

कार्यक्रम में पारंपरिक खेलों की भरमार रहेगी, जिनमें खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, रस्सी कूद, कुर्सी दौड़, बोरा दौड़, चम्मच दौड़ और जलेबी दौड़ जैसे मनोरंजक खेल शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिता को दो आयु वर्ग—18 से 25 वर्ष एवं 25 वर्ष से अधिक—में विभाजित किया गया है, जिससे सभी उम्र की महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले सकें।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि सभी महिलाओं के लिए भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। “बचपन का टिकट” कार्यक्रम का आयोजन सखी सहेली महिला समूह, दुर्ग द्वारा किया जा रहा है, जो मातृ शक्तियों को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभर रहा है।