कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा हाल ही में चलाए गए संगठन सृजन अभियान के तहत दुर्ग जिले में नियुक्त तीनों जिला अध्यक्षों ने राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
दुर्ग जिले के तीन संगठन जिलों के नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश ठाकुर (दुर्ग ग्रामीण), मुकेश चंद्राकर (भिलाई नगर), और धीरज बाकलीवाल (दुर्ग शहर) एक साथ पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। मुलाकात के दौरान भूपेश बघेल तीनों अध्यक्षों के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें हौसला देते नजर आए। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की मजबूती और जनसेवा को सर्वोच्च रखते हुए पूरे समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करें। बघेल ने तीनों जिलाध्यक्षों सहित उपस्थित कांग्रेसजनों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और विश्वास जताया कि, संगठनात्मक विकास, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाना, और युवाओं तथा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
नवनियुक्त अध्यक्षों ने लिया संकल्प
दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने दोबारा दायित्व मिलने पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई गति देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर एक समन्वित और सक्रिय कार्ययोजना पर काम किया जाएगा। इस दौरान जिले भर से पहुंचे कांग्रेसजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ तीनों जिला अध्यक्षों का जोरदार स्वागत किया।