दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शनिवार को प्रशासनिक आधार पर जिले में थाना प्रभारियों का बड़ा फेरबदल कर दिया। जारी आदेश में 10 निरीक्षक एवं उप निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उतई थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल के तबादले की हो रही है, जिन्हें महज 30 दिन के भीतर ही उतई से हटा दिया गया।

अनिल पटेल का उतई थाना में पदस्थापन 29 मई 2026 को किया गया था, लेकिन 27 जून को जारी नए आदेश में उन्हें नंदिनी थाना प्रभारी बना दिया गया है। उनकी जगह राकेश साहू को उतई थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इतने कम समय में थाना प्रभारी का बदलना पुलिस महकमे और स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
कई संवेदनशील थानों में नए प्रभारी
तबादला सूची के अनुसार वैशाली नगर, सुपेला, पद्मनाभपुर, पुरानी भिलाई, छावनी, धमधा, उतई और नंदिनी जैसे महत्वपूर्ण थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा एसीसीयू और नियंत्रण कक्ष से भी अधिकारियों को थाना प्रभार सौंपे गए हैं।


जानिए कहां-किसका तबादला
प्रशांत मिश्रा: वैशाली नगर से एसीसीयू प्रभारी
प्रतीक तिवस्या: एसीसीयू से थाना प्रभारी पद्मनाभपुर
महेश ध्रुव: नियंत्रण कक्ष से थाना प्रभारी धमधा
अनिल पटेल: उतई से नंदिनी थाना प्रभारी
राजकुमार लहरे: पद्मनाभपुर से वैशाली नगर
विजय यादव: सुपेला से पुरानी भिलाई
अंबर सिंह भारद्वाज: पुरानी भिलाई से सुपेला
राकेश साहू: स्मृति नगर चौकी से उतई थाना प्रभारी
रामनारायण ध्रुव: धमधा से छावनी
अमित अंथोनी: छावनी से स्मृति नगर चौकी प्रभारी

क्या कानून-व्यवस्था सुधारने की कवायद?
लगातार सामने आ रहे अपराध, चोरी, सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के बीच पुलिस विभाग का यह फेरबदल महज नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं माना जा रहा। संवेदनशील थानों में नए अधिकारियों की तैनाती को जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उतई जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र में केवल एक महीने के भीतर थाना प्रभारी का बदलना कई सवाल भी खड़े कर रहा है। विभाग ने तबादलों का कारण प्रशासनिक आवश्यकता बताया है, लेकिन इतनी अल्प अवधि में बदलाव के पीछे की वजह को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाएं तेज हैं।
अब निगाहें नए प्रभारियों पर
जिले के अधिकांश प्रमुख थानों में नए चेहरों की तैनाती के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और कानून-व्यवस्था को लेकर नए थाना प्रभारी किस तरह की कार्यशैली अपनाते हैं। खासकर वैशाली नगर, सुपेला, उतई और पद्मनाभपुर जैसे व्यस्त थाना क्षेत्रों में उनकी कार्यक्षमता जल्द ही कसौटी पर होगी।
