दुर्ग । केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक जिले में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग द्वारा दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले की 402 प्राथमिक कृषि साख समितियों में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सहकारिता को सशक्त बनाना तथा कृषकों की आय में वृद्धि के लिए नई योजनाओं की जानकारी देना है।

शनिवार को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के सभा भवन में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप (बॉबी) ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 जून को सभी समितियों में ध्वजारोहण एवं बायलॉज वाचन के साथ सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ होगा। इसी दिन सहकार सदस्यता अभियान तथा दुग्ध एवं मत्स्य समितियों की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 30 जून को जिला सहकारी विकास समिति की बैठक एवं एफपीओ तथा पैक्स की भूमिका पर चर्चा होगी। 1 जुलाई को ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, कृषि संगोष्ठी एवं मृदा स्वास्थ्य पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। 2 जुलाई को मॉडल पैक्स का भ्रमण, माइक्रो एटीएम, केसीसी एवं रुपे केसीसी कार्ड वितरण किया जाएगा। 3 जुलाई को वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान तथा सहकारी समाचार पत्र के प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम होगा। 4 जुलाई को सहकार संकल्प दौड़ और जनऔषधि केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। 5 जुलाई को निबंध, चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं के साथ सदस्यता वृद्धि अभियान चलाया जाएगा। समापन 6 जुलाई को सहकार प्रेरणा पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के दौरान इफको और कृभको के प्रशिक्षकों के साथ बैंक के विषय विशेषज्ञ भी किसानों को आधुनिक कृषि एवं सहकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि जिले में मत्स्य एवं दुग्ध उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं और इन क्षेत्रों में समितियों एवं सदस्यों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। श्वेत क्रांति को बढ़ावा देने के लिए ऋण योजनाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा। खाद की उपलब्धता के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर श्री बेलचंदन ने बताया कि बैंक से जुड़ी सभी समितियों में डीएपी को छोड़कर अन्य सभी उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। डीएपी खाद की आपूर्ति भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

प्रेसवार्ता में बैंक उपाध्यक्ष नरेश यदु, पूर्व संचालक रमाकांत द्विवेदी, शिव चंद्राकर, लखनलाल गुरुपंच, जिला भाजपा महामंत्री दिलीप साहू, भाजपा नेता अजय तिवारी, काशीनाथ शर्मा तथा बैंक के सीईओ सुनील वर्मा मौजूद रहे।
