रिसाली के श्याम नगर में नवनिर्मित श्री हनुमान जी महाराज की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और वैदिक परंपराओं के बीच संपन्न हुआ। समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
प्राण प्रतिष्ठा के दौरान आचार्यों ने विधि-विधान से पूजन, हवन और अभिषेक कराया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि संकटमोचन हनुमान जी बल, बुद्धि और भक्ति के प्रतीक हैं। उनकी कृपा से समाज में सद्भाव, सेवा और धर्म के प्रति आस्था मजबूत होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्राण प्रतिष्ठा से पूरे रिसाली क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और वे बजरंगबली का आशीर्वाद लेकर जनसेवा के कार्यों को और गति देंगे। विधायक ने आयोजन समिति और श्याम नगर के श्रद्धालुओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में मरोदा पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, पार्षद मनीष यादव, मनोज साहू, लिलेश साहू, दीपक, श्याम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मातृशक्ति मौजूद रही। धार्मिक अनुष्ठान के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

