दुर्ग ग्रामीण। ग्राम कोड़िया में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देते हुए दुर्ग ग्रामीण के विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चंद्राकर ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। लगभग 119 लाख 18 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस विद्यालय भवन को ग्रामवासियों को समर्पित करते हुए उन्होंने इसे “शिक्षा का मंदिर” बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबको शिक्षा, अच्छी शिक्षा” के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के “सुशासन एवं विकास” के विजन के अनुरूप प्रदेश में शिक्षा और विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नया विद्यालय भवन बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराएगा और अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और शिक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शिक्षा सबसे मजबूत आधार है।

लोकार्पण के बाद आयोजित संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में विधायक ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पेड़ा खिलाकर एवं फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं और शिक्षा उन्हें भविष्य का स्वरूप देती है। मेहनत, ईमानदारी और लगन से विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने का अवसर मिल रहा है, जिससे वे अपने लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ सकें। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रद्धा पुरेन्द्र साहू, सरपंच खुमान निषाद, मंडल अध्यक्ष शीतला राजपूत, महामंत्री चंदु देवांगन, प्रवीण यदु, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आनंद चंद्राकर, प्राचार्य नीलमणि उज्जवनी, बूथ अध्यक्ष राधेलाल साहू, उमेश साहू, करगाडीह सरपंच करण सेन, दिनेश दीपक, इतवारी भारद्वाज, पीडब्ल्यूडी अधिकारी एसडीओ एस.एस. साहू, प्राचार्य सुधा राय, पंचगण, स्कूल स्टाफ, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
