दुर्ग के धमधा ब्लॉक के ग्राम परसबोड़ में किसान बंधु संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख रूप से IDBI बैंक से जुड़े किसानों की कर्ज माफी, बैंक संबंधी समस्याओं के समाधान और घरों के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों को हटाने की मांग पर रणनीति बनाई गई।

बैठक में बताया गया कि 20 जुलाई को दुर्ग कलेक्ट्रेट में IDBI बैंक के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों की समस्याओं पर चर्चा होगी। इस बैठक में किसानों का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने के लिए किसान प्रतिनिधियों की एक समिति का गठन किया गया। संगठन ने निर्णय लिया कि बैंक से जुड़े मामलों में किसानों के हितों की रक्षा और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान ग्रामीण प्रहलाद ढीमर, सेवाराम, मन्नूराम और नेमसिंह साहू ने घरों के दरवाजे के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों से दुर्घटना की आशंका और हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। इस पर किसान बंधु संगठन के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलनात्मक रणनीति बनाई जाएगी। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष आत्मा साहू ने किसानों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जनपद सदस्य डॉ. जोहान वर्मा, सरपंच प्रतिनिधि मोतीराम वर्मा, पंचराम साहू, सुभाष साहू, डॉ. हर्ष साहू, दुवासू साहू, भानु साहू, मनसुख साहू सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।
