पूजा-पाठ से पारिवारिक समस्याएं दूर कराने, शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने और बाद में नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दो वर्षों तक विश्वास में लेकर किश्तों में रकम ऐंठी और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

भिलाई नगर थाना पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान उसने अपनी पारिवारिक परेशानियां बताईं, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद आरोपी ने पूजा-पाठ, निजी खर्च और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग समय में करीब 85 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई, तब पीड़िता ने पैसे लौटाने की मांग की।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का नया झांसा दिया और बाद में पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देकर राशि लौटाने से इंकार कर दिया। जांच में डरा-धमकाकर अवैध वसूली के भी तथ्य सामने आए, जिसके बाद प्रकरण में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।
भिलाई नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3) एवं 308(3) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। विशेष टीम ने इंदौर पहुंचकर आरोपी पवन बधोरिया (43) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं।

पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसी तरीके से अन्य लोगों को भी तो ठगी का शिकार नहीं बनाया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र, शेयर ट्रेडिंग, नौकरी दिलाने या जल्दी आर्थिक लाभ का लालच देने वाले व्यक्तियों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें।

