शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे और निवेश की राशि दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ऐरिना कैपीटल के संचालक योगेश साहू को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं और वह पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार, मैत्री विहार, राधिका नगर निवासी राजू नामदेव ने 8 जुलाई को सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऐरिना कैपीटल के संचालक और उसके सहयोगियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक लाभ और रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए।
शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर बंद
शिकायत में बताया गया कि शुरुआत में निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए कुछ राशि लाभ के रूप में लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें टालमटोल किया जाने लगा। जांच में सामने आया कि इसी तरह के प्रलोभन देकर आरोपी ने कई अन्य लोगों से भी करोड़ों रुपये की रकम जुटाई। मामले में पहले से थाना सुपेला और चौकी स्मृति नगर में कई अपराध दर्ज हैं।


लंबे समय से था फरार
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने फरार आरोपी योगेश साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से ग्राम खम्हरिया, पाटन का निवासी है और वर्तमान में कातुलबोर्ड स्थित पामवुड रेसिडेंसी में रह रहा था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच का दायरा बढ़ेगा
पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं है। विभिन्न निवेशकों की शिकायतों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। संभावना है कि विवेचना के दौरान ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संस्था या व्यक्ति के निवेश प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसका वैधानिक पंजीयन और प्राधिकरण जरूर जांच लें। “रकम दोगुनी”, “गारंटीड रिटर्न” या “कम समय में अधिक मुनाफा” जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

