रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के कैजुअल्टी वार्ड में मंगलवार को अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय वार्ड में दर्जनों मरीजों का उपचार चल रहा था। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया और दमकल विभाग को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं मौदहापारा थाना पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एसीपी दीपक मिश्रा ने मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अस्पताल प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप का माहौल रहा, जबकि फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

