दुर्ग। ग्राम अछोटी (थाना अंडा) में बुधवार शाम एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की दो दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:44 बजे ग्राम अछोटी निवासी रामचरण के मकान में अचानक आग लगने की सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को मिली। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहनों के साथ अग्निशमन दल तत्काल रवाना हुआ। मौके पर पहुंचने पर मकान पूरी तरह आग की लपटों से घिरा हुआ था।


दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाया। लगभग साढ़े चार घंटे की अथक मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग को पास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के मकान सुरक्षित रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान में रखा सामान आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश राउटे के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी एवं घनश्याम यादव के नेतृत्व में कर्मचारी मनोज सोनवानी, नागेश मारकांडे, धर्मेंद्र बंजारे, पराग भोंसले, रामनाथ कुर्रे, जितेंद्र वर्मा और अनंत ने समय पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
