वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या के मामले का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मृतका खुशी साहू की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि वह अपने किराए के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर वैशाली नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एकतरफा प्रेम बना हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बलौदाबाजार निवासी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वह मृतका से एकतरफा प्रेम करता था, लेकिन युवती उससे बातचीत नहीं करना चाहती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने पहले से हत्या की योजना बनाई।


रायपुर से हथियार लेकर पहुंचा था भिलाई
पुलिस के अनुसार आरोपी रायपुर से धारदार हथियार लेकर भिलाई पहुंचा था। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। कमरे में विवाद होने के बाद उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
सबूत मिटाने की भी कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और बाइक बरामद
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत भी कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम ने संयुक्त रूप से काम करते हुए कम समय में मामले का खुलासा किया।

