राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, कहा— शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव
दुर्ग, 20 जुलाई। पाटन विकासखंड के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराते हुए आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकें, गणवेश और पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ का आधार है और प्रदेश सरकार हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, साजा विधायक ईश्वर साहू, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्मार्ट क्लास, समय पर पुस्तक एवं गणवेश वितरण, अतिरिक्त पौष्टिक आहार, पालक-शिक्षक बैठक, न्योता भोज जैसी अनेक नवाचार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के 9 हजार स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू किए जाएंगे और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को संस्कार, कौशल और रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब कोई भी विद्यालय शिक्षकविहीन नहीं है। बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के नए केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रावास तथा प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज और 24 नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

दुर्ग जिले को मिली चार बड़ी सौगातें
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के लिए शिक्षा और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने वाली चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
शिक्षा विभाग के जेडी, डीईओ एवं बीईओ कार्यालयों के स्थान पर आधुनिक कॉम्पोजिट कार्यालय भवन का निर्माण।
दुर्ग शहर में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम की स्थापना।
खेल प्रतिभाओं के लिए फुटबॉल मैदान सह एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण।
नीट एवं जेईई की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए 100-100 सीटर छात्र एवं छात्रा छात्रावास की स्थापना।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का किया अवलोकन

कार्यक्रम में राष्ट्रीय साधन सह प्राविण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री ने सम्मान किया। मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन कर विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा की सराहना की। साथ ही विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा स्कूली बच्चों के साथ न्योता भोज में शामिल होकर आत्मीय संवाद भी किया।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से कंप्यूटर शिक्षा, बालिकाओं के लिए शौचालय, भारतीय संस्कृति आधारित गतिविधियां तथा आगामी वर्षों में निजी विद्यालयों की तर्ज पर समयबद्ध शैक्षणिक व्यवस्था लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।