आगामी नगरीय निकाय चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा ने दुर्ग में संभाग स्तरीय रणनीतिक बैठक आयोजित की। भाजपा जिला कार्यालय में हुई बैठक में संभाग स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों के साथ संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और ओबीसी समाज के बीच जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मला यादव, प्रदेश मंत्री विरेंद्र सोनी, संभाग प्रभारी राजेंद्र जायसवाल एवं होरीलाल सिन्हा, सह प्रभारी तुलसी साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय जायसवाल तथा जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक की शुरुआत पद्मविभूषण एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पंडवानी गायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सभी मंडलों में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) प्रशिक्षण का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है और आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को और सक्रिय बनाया जाएगा।


प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर ने कहा कि ओबीसी मोर्चा प्रदेश के सबसे मजबूत संगठनात्मक मोर्चों में शामिल है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के 479 मंडलों में मोर्चा की सक्रिय इकाइयां कार्य कर रही हैं तथा दुर्ग संभाग के 104 मंडलों में संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य जारी है। उन्होंने ओबीसी समाज की भागीदारी और संगठन की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
बैठक में आगामी संभाग स्तरीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। पदाधिकारियों ने मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री सानिध्य चंद्राकर ने किया। बैठक में संभाग एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

