छत्तीसगढ़ के भोरमदेव अभ्यारण्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव के अवसर पर 6 किलोमीटर लंबे भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वन कर्मियों और ग्रामीणों के साथ ट्रेल का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता का अवलोकन किया।

पर्यटन से बढ़ेगा स्थानीय रोजगार
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से समृद्ध है। जंगल सफारी के बाद अब इको ट्रेल शुरू होने से यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के और करीब जाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से होटल, परिवहन, स्थानीय भोजन, हस्तशिल्प और अन्य छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
146 करोड़ से बदलेगी भोरमदेव की तस्वीर
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूंआ, सरोदा बांध सहित कई पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।


हर शनिवार और रविवार होगी इको ट्रेल
वन विभाग द्वारा विकसित यह इको ट्रेल करीब 6 किलोमीटर लंबी है, जिसे पूरा करने में 3 से 4 घंटे का समय लगेगा। ट्रेल के दौरान पर्यटक घने जंगल, औषधीय वनस्पतियां, पक्षी, तितलियां और वन्यजीवों का अवलोकन कर सकेंगे। प्रशिक्षित नेचर गाइड पर्यटकों को पूरे मार्ग में जानकारी देंगे। वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि इको ट्रेल का संचालन करियाआमा गेट स्थित भोरमदेव इको कैंप से प्रत्येक शनिवार और रविवार किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
वन महोत्सव में पौधरोपण और हितग्राहियों को लाभ
वन महोत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री ने 51 काला आम के पौधों का रोपण कर काला आम उपवन की स्थापना की। साथ ही 50 हजार सीड बॉल अभियान और एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत करते हुए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

