छत्तीसगढ़ सहायक, समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला दुर्ग ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 15 जुलाई को रायपुर के तूता मैदान में आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन और विधानसभा घेराव कार्यक्रम की पूर्व सूचना दी।

फेडरेशन ने बताया कि प्रदेशभर के सहायक एवं समग्र शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों पर शासन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे शिक्षकों में भारी नाराजगी है और इसी के चलते 15 जुलाई को लोकतांत्रिक तरीके से प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि मोदी की गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों की पूर्व सेवा की गणना कर वेतन विसंगति दूर करते हुए क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जाए। साथ ही वरिष्ठता के आधार पर शीघ्र पदोन्नति, विभागीय टीईटी परीक्षा का आयोजन, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप की तकनीकी समस्याएं दूर होने तक वेतन कटौती पर रोक, युक्तियुक्तकरण के तहत मर्ज हुए प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों को शाला प्रबंधन समिति का कोषाध्यक्ष बनाने तथा लंबित महंगाई भत्ता और एरियर का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई।


फेडरेशन के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा ने कहा कि यदि शिक्षक हितों से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
संगठन ने जिले के सभी शिक्षकों से 15 जुलाई को नया रायपुर स्थित तूता मैदान में आयोजित धरना-प्रदर्शन एवं विधानसभा घेराव में बड़ी संख्या में शामिल होकर शिक्षक एकता का परिचय देने की अपील की है।
इस दौरान महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष जागेश्वरी वर्मा, पाटन ब्लॉक अध्यक्ष चेतन सिंह परिहार, दुर्ग ब्लॉक अध्यक्ष सतीश चंद्राकर, धमधा ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम ठाकुर, आलोक नायक, राहुल झा, अनुराग श्रीवास्तव, राहुल सोनटेके सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

