दुर्ग पुलिस ने अपराध विवेचना को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के विवेचक घटनास्थल से ही एफआईआर, गवाहों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त अत्याधुनिक मोबाइल डेटा टर्मिनल जिले के थाना और चौकी में पदस्थ विवेचकों को वितरित किए गए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विवेचकों को ये उपकरण सौंपे गए। अधिकारियों ने बताया कि इन मोबाइल डेटा टर्मिनलों के उपयोग से अपराध जांच की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगी। घटनास्थल से ही डिजिटल रूप से जानकारी दर्ज होने से कागजी प्रक्रिया कम होगी और जांच में अनावश्यक विलंब भी नहीं होगा।
घटनास्थल से ही होगी पूरी डिजिटल विवेचना
नई व्यवस्था के तहत विवेचक मौके पर ही एफआईआर का विवरण, गवाहों के कथन, घटनास्थल की जानकारी और अन्य आवश्यक तथ्य ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी और प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।


विवेचकों को दिए जिम्मेदारी से उपयोग के निर्देश
कार्यक्रम में अधिकारियों ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि उपलब्ध कराए गए आधुनिक उपकरणों का जिम्मेदारी और दक्षता के साथ उपयोग करें। तकनीक आधारित विवेचना के माध्यम से आम नागरिकों को अधिक प्रभावी और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगा नया विस्तार
दुर्ग पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग से अपराध विवेचना को और प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की है।

