स्कूटी खराब होने पर मदद मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया। सहायता के बहाने कुछ युवकों ने पहले उनका अपहरण किया, फिर रातभर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने स्कूटी, मोबाइल, नकदी और चांदी के आभूषण लूटने के साथ ही डिजिटल पेमेंट के जरिए भी जबरन पैसे ट्रांसफर करा लिए। सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार बालोद जिले के डौंडी निवासी युवक अपने रिश्तेदार के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। तड़के करीब साढ़े चार बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। उसने वहां मौजूद कुछ युवकों से मदद मांगी, लेकिन उन्होंने स्कूटी चोरी की होने का शक जताकर अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन अपने कब्जे में लेकर विभिन्न स्थानों पर घुमाया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने चांदी की अंगूठियां, ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रिकल कार्य में इस्तेमाल होने वाला सामान लूट लिया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उसके डिजिटल भुगतान माध्यम से 18,180 रुपए भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में दोनों को पुलगांव क्षेत्र ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर डराया-धमकाया गया और शिकायत नहीं करने के लिए जबरन वीडियो भी बनवाया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पीड़ित से पहचान कराने के बाद पुलिस ने सोहेल खान (19) निवासी इंद्रा नगर, सुपेला और पंकज विश्वकर्मा (18) निवासी गदा चौक, सुपेला सहित चार अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
लूटा गया सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया अधिकांश सामान एवं घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की भूमिका और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें। साथ ही कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को तत्काल जानकारी देकर सहयोग करें।