दुर्ग। मेघगंगा ग्रुप के चेयरमैन एवं दुर्ग जिले के प्रख्यात उद्यमी मनीष पारख को सामाजिक दायित्वों एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास बंडु आठवले के हाथों प्रदान किया गया।

व्यापार जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मनीष पारख ने समाज सेवा को हमेशा अपनी प्राथमिकता दी है। अपने पिता से मिले संस्कारों एवं सामाजिक सरोकारों से प्रेरित होकर उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर जागरूकता और जनकल्याण के अनेक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनका मानना है कि व्यवसाय की सफलता तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज तक पहुंचे।

इस अवसर पर मनीष पारख ने कहा, “डॉक्टरेट की यह उपाधि मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ समाज के प्रति मेरी जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ाने वाली है। इस उपलब्धि के लिए मैं सभी शुभचिंतकों, सहयोगियों और समाज के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूं।”
सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
मनीष पारख ने लाइफकेयर डायग्नोस्टिक्स (NABL मान्यता प्राप्त) के माध्यम से समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर आयोजित कर हजारों लोगों को लाभान्वित किया है। पिछले सात वर्षों से निरंतर निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का संचालन कर जरूरतमंद मरीजों को राहत पहुंचा रहे हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेल्थ कार्ड योजना की शुरुआत भी की।

युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए स्किल डेवलपमेंट आधारित विशेष डिग्री कार्यक्रम शुरू किए गए। वहीं “मोर शहर-मोर जिम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत दुर्ग के गांधी चौक, शहीद चौक, वाई-शेप ब्रिज चौक और कचहरी चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों में भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस विभाग को ट्रैफिक बैरिकेड उपलब्ध कराए गए। महावीर स्कूल के अध्यक्ष के रूप में विद्यालय के जीर्णोद्धार, विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शैक्षणिक विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके अलावा दुर्ग पुलिस के साथ मिलकर रेंज स्तरीय “साइबर प्रहरी” अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य किया। इस अभियान में तत्कालीन दुर्ग रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
सामाजिक सेवा, जनकल्याण और विकास कार्यों में सतत योगदान के लिए मिला यह सम्मान न केवल मनीष पारख की उपलब्धि है, बल्कि दुर्ग जिले के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।
