प्रदेश में बढ़ती बिजली दरों, अव्यवस्थित बिजली आपूर्ति और उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ रही समस्याओं को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा और कांग्रेस नेताओं के साथ उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के कार्यपालन निदेशक संजय खंडेलवाल से मुलाकात कर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

अरुण वोरा ने कहा कि महंगाई के दौर में आम जनता पहले से आर्थिक बोझ झेल रही है। ऐसे समय में लगातार बढ़ रहे बिजली बिल लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं। उपभोक्ता समय पर बिल जमा कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें निर्बाध बिजली आपूर्ति और संतोषजनक सेवाएं नहीं मिल रही हैं। वोरा ने अधिकारियों के सामने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उपभोक्ता विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। बिना वास्तविक खपत के अधिक बिल जारी किए जा रहे हैं, बार-बार बिजली कटौती हो रही है, लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, खराब मीटर समय पर नहीं बदले जा रहे और शिकायतों का निराकरण भी लंबे समय तक लंबित रहता है। उन्होंने कहा कि यदि उपभोक्ता नियमित भुगतान कर रहे हैं तो उन्हें गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेह बिजली सेवा मिलना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर जताई नाराजगी
अरुण वोरा ने शहरों और प्रमुख मार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों, कस्बों और मुख्य सड़कों पर लंबे समय से अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल है और करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हालात नहीं सुधर रहे हैं, तो जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
जन आंदोलन की चेतावनी
वोरा ने स्पष्ट कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विभाग से पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता हितैषी व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
कांग्रेस उपभोक्ताओं की आवाज उठाती रहेगी
पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आगे भी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने विभाग से सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की मांग की।
