दुर्ग जिले के शासकीय विद्यालय ग्राम मतवारी में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस दौरान कक्षा पहली, छठवीं और नौवीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें नई पाठ्यपुस्तकें भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम की सबसे भावुक तस्वीर तब सामने आई, जब जनपद सदस्य एवं किसान नेता ढालेश साहू अपने ही पुराने विद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की, उसी मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में लौटना उनके लिए गर्व और भावनात्मक क्षण है।

अपने संबोधन में ढालेश साहू ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना उसका कानूनी अधिकार है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है, बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है और समाज में सम्मान दिलाती है। उन्होंने शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) और पालकों से अपील की कि वे प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा जो बच्चे किसी कारणवश विद्यालय से बाहर हैं, उनका शीघ्र प्रवेश कराएं। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मतवारी की सरपंच द्रोपती साहू, उपसरपंच एवं एसएमसी अध्यक्ष टेकराम साहू, एसएमसी उपाध्यक्ष लक्ष्मी यादव, सदस्य शिवलाल साहू, बीसेलाल साहू, बंशीलाल कोशरे, लिकेश्वरी बंजारे, खुशबू साहू, अनिशा यादव, कौशिल्या साहू, अनिता साहू, योगिता साहू, विद्यालय की प्राचार्य सी.पी. रामटेके, उषा पाण्डेय, प्रधान पाठक ए.के. साहू, व्याख्याता एस.आर. चंद्राकर, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अशोक रिगरी ने किया।


