यदि आप रोजाना सिरसा गेट अंडर ब्रिज से आवाजाही करते हैं तो अगले दो महीने आपको अपना रास्ता बदलना होगा। रेलवे विभाग द्वारा अंडर ब्रिज में मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए जाने के कारण 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक सिरसा गेट अंडर ब्रिज पूरी तरह बंद रहेगा। इसे देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तैयार कर ली है।

यातायात पुलिस ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान अंडर ब्रिज के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। वाहन चालकों की सुविधा और जाम की स्थिति से बचने के लिए छोटे और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

छोटे वाहनों के लिए ये रहेंगे रूट
चरोदा H केबिन होकर G केबिन अंडर ब्रिज से सिरसा कला।
रॉयल खालसा तिराहा–देवभोग–उरला अंडर ब्रिज–देवबलौदा मार्ग।
कुम्हारी बीएमसी मिल से ग्राम कुगदा अंडर ब्रिज मार्ग।
भारी वाहनों के लिए यह रहेगा डायवर्जन
कुम्हारी–कांजी हाउस–मोतीपुर–आवरी गांव होते हुए सिरसा कला मार्ग।

यातायात पुलिस की सहयोग की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, ट्रैफिक संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सहयोग से ही मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सकेगी।

