दुर्ग । पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर में वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने स्टेडियम के कायाकल्प योजना के बीच अपने व्यवस्थापन की मांग को लेकर जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। इस संबंध में स्टेडियम परिसर में दुकानों का संचालन करने वाले दुकानदारों ने बुधवार को जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपने व्यवस्थापन की मांग की गई। यह ज्ञापन समाजसेवी एवं व्यवसायी शेख रज्जाक के नेतृत्व में सौंपा गया।


व्यवसायी शेख रज्जाक और अन्य दुकानदारों का कहना था कि वे लंबे समय से स्टेडियम परिसर में विभिन्न प्रकार के व्यवसाय संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें खाली कराने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। दुकानदारों ने कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया है कि रविशंकर स्टेडियम के कायाकल्प कार्य के लिए स्टेडियम परिसर में संचालित दुकानों को जिला प्रशासन द्वारा खाली कराने एक माह के भीतर नोटिस जारी किया जा सकता है। ऐसे में प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पहले उनके उचित व्यवस्थापन एवं पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।


दुकानदारों ने बताया कि पूर्व में भी जनदर्शन के माध्यम से भी अपनी मांग प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है। उनका कहना है कि स्टेडियम विकास कार्य का वे स्वागत करते हैं, लेकिन वर्षों से यहां व्यवसाय कर रहे परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। दुकानदारों ने जिला प्रशासन एवं जिला क्रीड़ांगन समिति से मांग की है कि दुकानें खाली कराने से पूर्व सभी प्रभावित व्यवसायियों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके परिवारों के समक्ष रोजगार और पालन-पोषण का संकट उत्पन्न न हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान दुकानदार जसपाल सिंह, बेअंत सिंह, अशोक के अलावा अन्य दुकानदार मौजूद रहे।

