दुर्ग। कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन का शानदार उदाहरण पेश करते हुए डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र लविश सुराणा ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे दुर्ग जिले का नाम गौरवान्वित किया है। खास बात यह रही कि लविश ने यह सफलता बिना किसी ट्यूशन के हासिल की, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बन गई है।

लविश सुराणा, दुर्ग के प्रतिष्ठित व्यवसायी जैन मेडिलाइन के प्रोपाइटर मिलाप सुराणा के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

लविश की इस सफलता के पीछे उनकी नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और आत्म-अनुशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
गौरतलब है कि सुराणा परिवार में शिक्षा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा रही है। इससे पहले दीक्षा सुराणा ने भी 10वीं कक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दंतेवाड़ा जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया था।

लविश की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और स्कूल में गर्व का माहौल है, बल्कि पूरे दुर्ग जिले के छात्रों को भी एक नई प्रेरणा मिली है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।