दुर्ग। प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब स्कूलों के समय में बदलाव या ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में आज जिला कलेक्ट्रेट में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया।

प्रदेश कांग्रेस के सचिव अय्यूब खान ने बताया कि वर्तमान में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका है और प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से मांग की कि सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में या तो ग्रीष्म ऋतु की छुट्टियां घोषित की जाएं या फिर स्कूलों के समय में तत्काल परिवर्तन किया जाए।

ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही सीमित किया जाए तथा सुबह 8 बजे के बाद खुले मैदान में होने वाली सभी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
अय्यूब खान ने कहा कि छोटे बच्चों के लिए यह गर्मी अत्यंत खतरनाक साबित हो सकती है। कई स्कूलों से शिकायतें मिल रही हैं कि बहुमंजिला भवनों में अत्यधिक गर्मी के कारण पंखे और कूलर भी प्रभावी नहीं हैं, वहीं लगातार हो रही बिजली कटौती से स्थिति और भी खराब हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पुरुषोत्तम सोनवानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. रफीक, जसवंत गायकवाड़, बलविंदर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
