दुर्ग: खारून नदी के तेज बहाव में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम ने सोमवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला। पिकनिक मनाने दोस्तों के साथ आए युवक की नदी में नहाने के दौरान गहराई और तेज बहाव की चपेट में आने से जान चली गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (26 जुलाई) शाम लगभग 5:30 बजे रायपुर के देवपुरी (कमलविहार) निवासी टोमेश ध्रुव (22 वर्ष), पिता चुन्नू लाल ध्रुव, अपने 11 अन्य दोस्तों के साथ थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी तट पर पिकनिक मनाने आया था। इस दौरान नहाते समय टोमेश नदी के तेज बहाव में बह गया। दोस्तों द्वारा शोर मचाने और सूचना देने के बाद कंट्रोल रूम दुर्ग के माध्यम से मामले की जानकारी एसडीआरएफ को दी गई।
रातभर के इंतजार के बाद सुबह मिला शव
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देशन में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, रात का अंधेरा अधिक होने के कारण सुरक्षा कारणों से रविवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह 5:00 बजे SDRF की टीम ने पुनः तलाशी अभियान शुरू किया। सुबह लगभग 9:05 बजे टीम को सफलता मिली। तेज बहाव और गहरे पानी के बीच SDRF के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जंघेल ने जान जोखिम में डालकर ‘डीप डाइविंग’ की और युवक के शव को बाहर निकाला।
पुलिस को सौंपा गया शव
SDRF की टीम ने मृतक टोमेश ध्रुव के शव को बाहर निकालकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए स्थानीय अमलेश्वर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व टीम प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। टीम में डीप डाइवर चंद्रप्रताप जंघेल और राजकुमार यादव के अलावा जवान हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल थे।