दुर्ग। भारत की राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से जिला शिक्षण समिति दुर्ग के तत्वावधान में बुधवार को सेठ आर.सी.एस. कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, दुर्ग में वंदे मातरम् गायन प्रतियोगिता (ऑडिशन) का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिला शिक्षण समिति के अंतर्गत संचालित सेठ बद्रीलाल खंडेलवाल शिक्षा महाविद्यालय एवं सेठ रतनचंद सुराना कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के लगभग 50 प्रतिशत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता में एकल एवं समूह गायन दोनों वर्गों में विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से देशभक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया। प्रतियोगिता के समूह गायन वर्ग में प्रथम स्थान सेठ बद्रीलाल खंडेलवाल शिक्षा महाविद्यालय, दुर्ग ने प्राप्त किया।


महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उमाकांती सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं।


कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती अर्चना षड़ंगी एवं भावना दुबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला शिक्षण समिति के अध्यक्ष इंजीनियर प्रवीणचंद तिवारी, दिलीप इंगले, मनोज शर्मा एवं वीरेंद्र शुक्ला ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट गायन की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
